चंपावत। निजी स्कूलों की मनमानी को लेकर अभिभावकों की ओर से की गई मौखिक शिकायत के बाद शिक्षा विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। मौखिक शिकायत के बाद अब स्कूलों पर पैनी नजर रखने की तैयारी है। इसे लेकर खंड शिक्षाधिकारियों को इस संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए हैं। शिकायत सही पाए जाने पर विभाग विद्यालयों की एनओसी रद्द करेगा।
नए शिक्षा सत्र 2024-25 के लिए जिले के निजी विद्यालयों में प्रवेश सहित अन्य तरह की समस्याएं सामने आ रही हैं। निजी स्कूलों के खिलाफ शिक्षा विभाग को फीस वृद्धि और अन्य अनियमितताओं के संबंध में मौखिक शिकायत अभिभावकों ने की है। इसके बाद विभाग ने गंभीरता से शिकायतों का संज्ञान लेते हुए निजी विद्यालयों की जांच की तैयारी शुरू कर दी है। कुछ स्कूलों को विभाग ने चेतावनी भी दी है। विभाग विकासखंड वार निजी शिक्षण संस्थानों के प्रबंधकों के साथ बैठक कर आ रही शिकायतों को लेकर वार्ता करेगा। जारी नियमों और निर्देशों की अवहेलना करने वाले विद्यालयों पर सख्त कार्रवाई करेगा।
कोट
अभिभावकों की मौखिक शिकायतों के आधार पर निजी विद्यालयों को चेतावनी दी गई है। खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से निजी विद्यालयों की बैठक की जाएगी। शिक्षा विभाग की ओर से जारी नियमों की अवहेलना करने और किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क वसूलने वाले निजी स्कूलों की एनओसी रद्द की कार्रवाई की जाएगी। -सीईओ मेहरबान सिंह