नगर में अब लोगों को चौथे दिन पानी मिलेगा। हालांकि अब जल संस्थान की ओर से 45 मिनट के स्थान पर एक घंटे तक आपूर्ति की जाएगी। इसके लिए डेढ़ लाख लीटर पानी रिजर्व में रखा जाएगा, जिससे टैंक के फुल होने पर सभी स्थानों पर प्रेशर से पानी आपूर्ति होगी।
अब तक नगर के कई मोहल्लों में पानी नहीं पहुंच रहा था। जल संस्थान की ओर से बुधवार को खड़ी बाजार, स्टेशन बाजार, हनुमान मंदिर मार्ग, वोट हाउस आदि के आसपास चौथे दिन पानी दिया गया, जबकि ठाडाढुंगा, पीडब्ल्यूडी कालोनी, हास्पिटल क्षेत्र, राय चक्की क्षेत्र और डिग्री कॉलेज रोड में तीसरे दिन पानी मिल पाया। जलकल अभियंता पवन बिष्ट के अनुसार इस माह की शुरुआत में बनस्वाड़ योजना के सूखने से दिक्कतें हुई थी, लेकिन हालिया बरसात से स्थिति में सुधार हुआ है। इस बीच पानी का प्रेशर बनने से नगर क्षेत्र से शिकायतें कम मिल रही हैं।
पाइपों में रिसाव से मकानों को खतरा
नगर के लिए 35 वर्ष पूर्व बनाई गई चौड़ी लिफ्ट पेयजल योजना की पांच इंच मोटी पाइप लाइन में जंक लगने से वह फटती जा रही है। योजना बनाने के बाद पाइप लाइनों के ऊपर लोगों ने पक्के मकान बना लिए है। मकानों के नीचे रिसाव होने से मकानों के लिए भी खतरा उत्पन्न हो गया है। जल संस्थान के अभियंता विशाल सक्सेना के अनुसार नगर पंचायत, ग्राम पंचायत चौड़ी और स्थानीय प्रशासन की ओर से संयुक्त निरीक्षण कर पाइप लाइन बदलने की पहल की जाएगी। कॉलेज रोड के नवीन पांडेय का कहना है कि पिछले दिनों इस लाइन में लीकेज ढूंढने के लिए कर्मचारियों को आठ फिट गहरा गड्ढा खोदना पड़ा, जिसमें एक सप्ताह तक कर्मचारियों को पाइप लाइन सुधारने में पसीने छूट गए।