गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन ने आरक्षण की मांग की है। संगठन जिलाध्यक्ष हयात सिंह तड़ागी की अध्यक्षता और महामंत्री बची सिंह रावत के संचालन में हुई बैठक में पेंशनर्स, पारिवारिक पेंशनर्स के आश्रितों को लोक सेवा आयोग और राज्य की अन्य सेवाओं में दस प्रतिशत आरक्षण के लिए मुखर होकर आवाज उठाने की बात कही गई।
बैठक में केंद्र सरकार की तरह ओपीडी इलाज के लिए पेंशनर्स को हर महीने 500 रुपये मासिक भत्ता देने, दिल्ली के एम्स सहित अन्य प्रतिष्ठित अस्पतालों को नगद रहित इलाज की सुविधा के लिए चिन्हित करने की मांग की। बैठक में पंजाब की तरह उम्र के मुताबिक पेंशनर्स की पेंशन राशि में बढ़ोतरी करने की मांग की गई। संगठन ने हरियाणा सरकार की तरह रिटायरमेंट के बाद चार-चार वर्ष के अंतराल में भारत भ्रमण की सुविधा देने, 70 साल से अधिक के पेंशनर्स को एक सहायक के साथ बस किराए में 50 प्रतिशत छूट की सुविधा देने, सरकारी विश्रामगृह, टीआरसी आदि में 50 प्रतिशत की रियायत देने आदि की मांग की। बैठक में लक्ष्मी दत्त सुतेड़ी, उजालू राम, मनोहर लाल, शेर सिंह अधिकारी, दीवान तड़ागी, उम्मेद सिंह, किशन धौनी, भगवान, ललिता पाठक, जोगाराम, जेसी सग्टा आदि मौजूद थे।