चंपावत जीजीआईसी सभागार में मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण में शामिल कर्मचारी। संवाद
चंपावत। लोकसभा चुनाव में दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं को घर से मतदान कराने के लिए कर्मियों को प्रथम प्रशिक्षण दिया गया। बृहस्पतिवार को जीजीआईसी सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी नवनीत पांडे की अध्यक्षता में मास्टर ट्रेनरों ने मतदान टीमों को सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
डीएम ने कहा कि मतदान से संबंधित किसी भी शंका का प्रशिक्षण में ही समाधान कर लें। होम वोटिंग का प्रथम चरण आठ और नौ अप्रैल को संपन्न होगा। जो मतदाता किसी कारणवश प्रथम चरण में मत देने से छूट जाएंगे वह मतदाता 11 अप्रैल को अपना मत दे सकते हैं। इसके लिए वोटिंग टीम 11 अप्रैल को फिर से छूटे हुए मतदाताओं के घर जाकर मतदान करवाएंगी।
होम वोटिंग के लिए लोहाघाट में 211 बुजुर्ग, 17 दिव्यांग और चंपावत विधानसभा क्षेत्र में 32 बुजुर्ग और 39 दिव्यांग मतदाता होम वोटिंग सुविधा का उपयोग करेंगे। प्रशिक्षण में एडीएम हेमंत कुमार वर्मा, एआरओ चंपावत आकाश जोशी, एआरओ/ लोहाघाट रिंकू बिष्ट, सीईओ मेहरबान सिंह बिष्ट, मास्टर ट्रेनर जीवन कलौनी, डाॅ. एमपी जोशी आदि मौजूद रहे।