ग्रामीणों ने मांगी स्वास्थ्य सुविधा
- फोटो : अमर उजाला
चंपावत। लधियाघाटी के रीठासाहिब क्षेत्र में बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सोमवार को जिला कार्यालय में प्रदर्शन किया। उन्होंने डीएम और सीएमओ को ज्ञापन सौंपकर अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चौड़ामेहता में डॉक्टर और एएनएम की नियुक्ति की मांग की। जिला मुख्यालय पहुंचे ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र की करीब 40 हजार की आबादी में केवल चौड़ामेहता में एक अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र है। जिसका संचालन केवल फार्मेसिस्ट के सहारे किया जा रहा है।
जिला पंचायत सदस्य भोला सिंह बोहरा का कहना था कि दस जून को क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। कई अन्य लोग घायल हो गए थे। मौके पर डॉक्टर आदि सुविधाएं न होने के कारण मृतक को बचाया नहीं जा सका और घायलों को लोहाघाट अस्पताल रेफर करना पड़ा।
ज्ञापन सौंपने वालों में राकेश जोशी, प्रमोद बड़ेला, मनोज बड़ेला, सुमित गड़कोटी, प्रशांत वर्मा, सुमित बोहरा आदि थे। उधर, सीएमओ डॉ. विनोद टोलिया का कहना है कि अस्पताल में तैनात डॉक्टर के अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण तलब किया गया है। जिले में एएनएम के दस पद रिक्त होने के कारण समीपवर्ती एएनएम को चौड़ामेहता से संबद्ध करने के आदेश दिए गए हैं।
चंपावत। अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चौड़ा मेहता में डॉक्टर और एएनएम की तैनाती की मांग को लेकर 14 जून से कलक्ट्रेट में धरना, प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। जिला पंचायत सदस्य भोला सिंह बोहरा ने बताया कि आंदोलन में युवाओं के साथ ही महिलाएं भी प्रतिभाग करेंगी।