लेाहाघाट/चंपावत। चंपावत के राउमावि खूनाबोरा के शिक्षक प्रकाश चंद्र उपाध्याय को राज्य स्तर के लिए चयनित प्रोटोटाइप पहाड़ी मोड़ों पर रोड एक्सीडेंट की रोकथाम मॉडल को सराहा गया है। उन्हें इस मॉडल के लिए विद्यालयी शिक्षा महानिदेशक झरना कमठान ने देहरादून में सम्मानित किया।
देहरादून में राज्य स्तरीय हैकथॉन प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि अपर सचिव शिक्षा रंजना राजगुरु, विशिष्ट अतिथि महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा झरना कमठान, शिक्षा निदेशक वंदना गर्ब्याल, अपर निदेशक प्रदीप रावत ने इसका शुभारंभ किया।
एससीईआरटी उत्तराखंड की ओर से शिक्षकों, छात्र-छात्राओं के लिए नवाचारी आइडियाज को बढ़ावा देने के लिए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, इसमें जिले के शिक्षक उपाध्याय के मॉडल का चयन देशभर के आईटी एक्सपर्ट और विदेशी जूरी मेंबर्स ने किया।
जूरी मेंबर्स के समक्ष शिक्षक ने अपने इस वर्किंग मॉडल का प्रस्तुतिकरण किया। शिक्षक उपाध्याय ने बताया कि इस प्रोटोटाइप में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और प्रॉक्सिमिटी सेंसर आदि के माध्यम से गाड़ियों में लगाई जाने वाली डिवाइस से प्रतिदिन हो रहे रोड एक्सीडेंट से आसानी से बचा जा सकता है। शिक्षक उपाध्याय की इस उपलब्धि पर सीईओ एमएस बिष्ट, बीईओ घनश्याम भट्ट, प्रधानाचार्य खीमानंद पांडेय, पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा आदि ने बधाई दी है।