चंपावत। नाबार्ड की आरआईडीएफ योजना के तहत कलस्टर आधारित छोटे-छोटे पॉलीहाउस में सब्जी और फलों के उत्पादन के लिए कलस्टर अवधारणा अपनाते हुए किसानों को लाभांवित किए जाने की योजना है। इसके तहत एक लाभार्थी के लिए 50 से 500 वर्ग मीटर तक पॉलीहाउस स्थापित किए जाएंगे। इसमें कुल लागत की 80 फीसदी राज सहायता किसानों को दी जाएगी। एक समूह में कम से कम पांच किसानों का होना अनिवार्य किया गया है जिन्हें कम से कम 10 पॉलीहाउसों से लाभांवित किया जा सकता है। प्रति कलस्टर 25 या उससे अधिक पॉलीहाउस की स्थापना की जा सकती है। जिला उद्यान अधिकारी टीएन पांडेय ने बताया कि योजना के तहत छोटे और मध्यम किसान, महिलाएं, स्वयं सहायता समूह, सहकारी समितियां, उद्यान, कृषि, एनआरएलएम, ग्राम्य विकास में पंजीकृत समूह आवेदन के पात्र होंगे। योजना के तहत 20 फीसदी कृषक अंश की धनराशि किसानों की ओर से देय होगी।