चंपावत। जिला प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने वार्षिक जिला योजना विकास कार्यों के लिए 58.36 करोड़ रुपये के बजट का अनुमोदन किया। बजट में गत वर्ष के सापेक्ष लगभग आठ प्रतिशत की वृद्धि की गई है। जनपद के अनुमोदित परिव्यय में सामान्य मद में 47.80 करोड़, एससीएसपी में 10.21 करोड़ और ट्राइबल सब प्लान में 44.30 लाख रुपये का परिव्यय अनुमोदित किया गया।
मंगलवार को जिला सभागार में प्रभारी जिला मंत्री रेखा आर्या की अध्यक्षता में हुई जिला योजना समिति में वार्षिक जिला योजना के लिए 58 करोड़ 36 लाख 10 हजार रुपये का बजट अनुमोदित किया गया। उन्होंने कहा कि चंपावत को आदर्श जिला बनाए जाने में अनुमोदित योजनाओं को शतप्रतिशत धरातल में उतरना जरूरी है। अधिकारी जिम्मेदारी से काम करें। उन्होंने कहा कि जिले की आर्थिकी बढ़ाने के लिए स्वरोजगार परक योजनाओं को प्राथमिकता देते हुए इस क्षेत्र में कार्य करें। डीएम नवनीत पांडे ने वार्षिक जिला योजना के लिए 36 विभागों के प्रस्तावित मद वार योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गत वर्ष की जिला योजना 5401.87 लाख की थी। इस वर्ष 435 लाख रुपये की वृद्धि की गई है।
बैठक में अध्यक्ष जिपं ज्योति राय, विधायक लोहाघाट खुशाल सिंह अधिकारी, विधायक चंपावत प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, दीपक रजवार, क्षेत्र प्रमुख चंपावत रेखा देवी, बाराकोट विनीता फर्त्याल, पाटी सुमनलता, प्रभारी सचिव चंद्रेश यादव, एसपी अजय गणपति, सीडीओ संजय कुमार सिंह, डीईएसटीओ दीप्तकीर्ति तिवारी मौजूद रहे।
विभागों को अनुमोदित बजट
चंपावत। खेल 98 लाख, पेयजल निगम, डेयरी विकास विभाग को 95-95 लाख, निजी लघु सिंचाई 90 लाख, चिकित्सा 80 लाख, बाल विकास 66 लाख, कृषि विभाग 50 लाख, लोनिवि 10.52 करोड़, जल संस्थान छह करोड़, पर्यटन 3.75 करोड़, उद्यान विभाग 3.25 करोड़, पशुपालन, मत्स्य 1.50-1.50, राजकीय सिंचाई 1.75 करोड़, युवा कल्याण 4.45 करोड़, माध्यमिक शिक्षा 1.90 करोड़ख, प्राथमिक शिक्षा 1.75 करोड़, उरेडा 1.25 करोड़, नलकूप 3.6 करोड़, ग्राम्य विकास एक करोड़।