टनकपुर (चंपावत)। रेलवे ने सोमवार से टनकपुर-बरेली के बीच डेमू ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया है। टनकपुर से यह ट्रेन 3:35 बजे बरेली के लिए रवाना होगी। बरेली से सुबह 7:20 बजे रवाना होकर पूर्वाह्न 11 बजे टनकपुर पहुंचेगी। डेमू ट्रेन का संचालन शुरू होने से टनकपुर-बरेली के बीच का सफर करीब 45 मिनट कम होगा। मार्च में शुरू हो रहे उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध पूर्णागिरि मेले में आने वाले यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
सोमवार को बरेली से रवाना होकर डेमू ट्रेन पूर्वाह्न 11 बजे टनकपुर पहुंची। ट्रेन के पहुंचने की खबर मिलते ही लोग इस नई ट्रेन को देखने के लिए रेलवे स्टेशन की ओर दौड़ पड़े। टनकपुर से रवाना होने तक ट्रेन देखने के लिए लोगों का स्टेशन में आना-जाना लगा रहा। ठीक 3:35 बजे यह ट्रेन टनकपुर से बरेली के लिए रवाना हुई। जो शाम 7:10 बजे बरेली पहुंचेगी।
स्टेशन अधीक्षक डीएस दरियाल ने बताया कि इस ट्रेन के संचालन से टनकपुर-बरेली के बीच करीब 45 मिनट का सफर कम होगा। पीलीभीत स्टेशन पर भी यात्रियों को अधिक देर नहीं रुकना पड़ेगा। टनकपुर से बरेली, कासगंज जाने वाली बड़ी लाइन की अन्य पैसेंजर ट्रेनें करीब 45 मिनट तक पीलीभीत स्टेशन में रुकती हैं, लेकिन यह डेमू ट्रेन सिर्फ 15 मिनट रुकेगी।
-डेमू ट्रेन यानि मुंबई की लोकल ट्रेन
डेमू ट्रेन यानि मुंबई की लोकल ट्रेन। इसके दोनों तरफ डीजल इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट वाले इंजन लगे हैं। स्टेशन से रवाना होते ही यह ट्रेन तेज स्पीड दौड़ने लगती है। ट्रेन के दोनों और इंजन लगे होने से रेल हेड स्टेशन पर इंजनों को आगे-पीछे करने के लिए शंटिंग करने की जरूरत नहीं है। इससे समय की बचत होगी। इस ट्रेन के कोचों में यात्रियों को सूचना देने के लिए डिस्प्ले बोर्ड और कंप्यूटराइज्ड सिस्टम लगा है, जिससे यात्रियों को हर स्टेशन की जानकारी मिलती रहेगी। बैठने की सुविधा के साथ ही मुंबई की लोकल ट्रेनों की तरह खड़े होकर सफर करने की भी सुविधा है।