बनबसा (चंपावत)। बनबसा में गैस गोदाम खोलने के लिए उपभोक्ताओं ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। कहा गया है कि लंबे समय से लोगों की मांग पर आश्वासन ही मिले हैं लेकिन गैस गोदाम खोलने की कार्रवाई नहीं की जा सकी है।
बनबसा के उपभोक्ताओं ने ज्ञापन में लिखा है कि खाना पकाने की गैस की सप्लाई टनकपुर गैस एजेंसी से की जाती है। इसके लिए गैस एजेंसी से होम डिलीवरी की व्यवस्था भी की गई है। सप्ताह में एक बार अलग-अलग गांवों में गैस सिलिंडर लेकर वाहन पहुंचता है लेकिन कई बार उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल पाती है। इसके लिए उन्हें टनकपुर दौड़ना पड़ता है। बनबसा में लंबे समय से गैस गोदाम खोलन की मांग उठती रही है लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। उन्होंने सीएम से जल्द बनबसा में गैस गोदाम खोलने की मांग की है। निवर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष रेनू अग्रवाल, प्रधान भावना नेगी, सुमन चंद, विनीता देवी, बीना गर्ग, विमला बिष्ट, अनीता देवी, हीरा देवी आदि ने बनबसा में अविलंब गैस गोदाम खोलने की मांग की है।