लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड के बलाना-फांफर मार्ग की बदहाली से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने कहा कि करीब एक दशक पूर्व विधायक निधि और ग्राम पंचायत वित्त, क्षेत्र पंचायत निधि, जिला पंचायत वित्त आदि मदों से किमतोली-रौंसाल मार्ग से बलाना, डुंगरी, बोरबुंगा और फांफर के लिए पांच किमी मार्ग का निर्माण किया गया था। इसका लाभ तीन ग्राम पंचायतों के साथ तीन प्राथमिक स्कूलों को मिल रहा था। ग्रामीणों का कहना था कि मार्ग बिना मानकों के बनाए जाने और देखरेख नहीं होने से इसकी दयनीय हालत हो गई है।
मार्ग पर वाहन चालक जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर हैं। मोटर मार्ग पर एक किमी सड़क में बरसात के समय मलबा आने से इसकी चौड़ाई कम हो गई। सड़क में जगह-जगह गड्ढे और मिट्टी होने से आवाजाही करने में परेशानियों को देखते हुए गांव के ग्रामीणों ने 15 दिन का श्रमदान कर आवाजाही करने योग्य बनाया लेकिन बरसात के बाद सड़क की स्थिति जस की तस हो जाती है।
ग्रामीणों ने डीएम से शीघ्र समस्याएं का समाधान करने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में पूर्व जिला पंचायत सदस्य पुष्कर बोहरा, प्रधान बोराबुंगा आरती, कमल सिंह, गोपाल सिंह, कल्याण सिंह, नारायण सिंह, धन सिंह, लक्ष्मण सिंह रहे। संवाद
लड़ीधुरा मार्ग को ठीक करने की मांग
लोहाघाट (चंपावत)। लड़ीधुरा शैक्षिक और सांस्कृतिक मंच ने लड़ीधुरा मंदिर के लिए जाने वाले मार्ग की बदहाली पर नाराजगी जताई है। लड़ीधुरा मंच के अध्यक्ष नगेंद्र जोशी ने बताया कि तीन साल पूर्व आई दैवी आपदा में लड़ीधुरा मंदिर की ओर जाने वाला मार्ग जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गया था। आपदा में गिरे मलबे से नालियां और कलमठ बंद हो गए थे। क्षेत्र के लोग लंबे समय से सड़क ठीक करने के साथ ही बंद नालियों और कलमठों को खोलने की मांग कर रहे हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जोशी ने बताया कि बीते दिवस हुई भारी बारिश में नाली और कलमठ बंद होने से सारा पानी मार्ग पर आ गया था। उन्होंने मार्ग की मरम्मत नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। संवाद
गुरुद्वारा जाने का मुख्य मार्ग खस्ताहाल बदहाल
रीठा साहिब/चंपावत। श्री रीठा साहिब गुरुद्वारा मार्ग खराब होने और नालियां चोक होने से श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी ने प्रशासन से मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है।
रीठा साहिब गुरुद्वारे में जोड़ मेले संपन्न हो गया है लेकिन श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा हुआ है। रोजाना 200 से 400 यात्री दर्शन के लिए देश-विदेश से पहुंच रहे हैं लेकिन मार्ग और नालियों के बदहाल होने से श्रद्धालुओं को आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गुरुद्वारा प्रबंधक बाबा श्याम सिंह ने बताया कि कई बार शासन-प्रशासन को अवगत कराया गया है लेकिन समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि गुरुद्वारा रीठा साहिब से देश-विदेश से हजारों तीर्थ यात्रियों के आने का सिलसिला जारी है। रास्ता खराब होने से यात्रियों की चोट लगने का खतरा है। संवाद