डिग्री कॉलेज में फीस बढ़ोतरी को लेकर गुटबाजी
- फोटो : अमर उजाला
राजकीय महाविद्यालय में फीस बढ़ोतरी को लेकर छात्र संघ में गुटबंदी होने लगी है। एक गुट ने जहां फीस बढ़ाने का विरोध किया तो दूसरा गुट फीस में की गई बढ़ोतरी के समर्थन में उतर आया है।
महाविद्यालय प्रशासन ने छात्रों की फीस 135 से बढ़ाकर 315 रुपये कर दी है। इसके विरोध में सोमवार को जहां पूर्व छात्र नेता दीपक बेलवाल के नेतृत्व में छात्रों ने प्रभारी प्राचार्य डा.एसके कटियार को ज्ञापन सौंपकर फीस में की गई बढ़ोतरी को शीघ्र वापस लेने की मांग की थी, वहीं अब छात्र संघ महासचिव चर्चित शर्मा के नेतृत्व में छात्रों के एक गुट ने फीस बढ़ाने का समर्थन किया है।
मंगलवार को प्रभारी प्राचार्य डा. कटियार को सौंपे ज्ञापन में छात्रसंघ महासचिव के अलावा दीपक पचौली, ललित मोहन जोशी, पूर्व उप सचिव मनीष पुजारी, कार्तिक बागी, पूर्व छात्र संघ उपाध्यक्ष निकिता जोशी आदि ने कहा कि पूर्व में कॉलेज किराए के भवन में चल रहा था, लेकिन अब कॉलेज का अपना भवन और उसी मानक में छात्रों को सुविधाएं भी मुहैया हैं, ऐसे में फीस बढ़ाने का विरोध किया जाना उचित नहीं है। छात्रसंघ महासचिव चर्चित शर्मा ने कहा कि जो छात्र नेता फीस बढ़ाने का विरोध कर रहे हैं, उन्हें कॉलेज में बेहतर शैक्षिक माहौल बनाने और छात्र हित के बारे में सोचना चाहिए।