देवीधुरा डिग्री कॉलेज में होने वाले छात्र संघ चुनावों के लिए सोमवार को नामांकन पत्रों की जांच की गई। जिसमें सभी प्रत्याशियों के नामांकन पत्र वैध पाए गए तथा किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया। 15 सितंबर को होने वाले चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा सचिव पद पर सीधा मुकाबला होगा। जबकि विश्वविद्यालय प्रतिनिधि, कोषाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और छात्रा उपाध्यक्ष पद पर एक-एक नामांकन होने से उनका निर्विरोध निर्वाचन तय है।
अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई की दीपा तथा निर्दलीय भावना कांडपाल चुनाव मैदान में है। जबकि उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में तारा दत्त पुजारी, दीपा चम्याल, सचिव पद पर एनएसयूआई की देवकी बिष्ट और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में ज्योति जोशी चुनाव मैदान में हैं। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के लिए नीरज सिंह, कोषाध्यक्ष पद के लिए शीला, छात्रा उपाध्यक्षा के लिए यमुना बिष्ट, संयुक्त सचिव पद के लिए सुमन आर्या का निर्विरोध नामांकन तय है।
इनके नामों की केवल औपचारिक घोषणा करना शेष है। चुनाव प्रभारी डॉ. पीके रिछारिया का कहना है कि मतदान में 164 छात्र छात्राएं अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रभारी प्राचार्य डॉ. एसके सिंह की देखरेख में नामांकन पत्रों की जांच की गई। वहां पर डॉ. नवीन शर्मा, जगत बिष्ट, ललित कुमार, हरीश जोशी, सुशील पटवाल आदि थे।