लोहाघाट में अपनी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते राशन डीलर।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। आदर्श राशनिंग डीलर्स वेलफेयर सोसायटी ने राज्य पोषित योजना के तहत वितरित किए जाने वाले खाद्यान्न में कमीशन न बढ़ाए जाने पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने कमीशन न बढ़ाने पर राशन न उठाने की चेतावनी दी है।
सोसायटी के अध्यक्ष प्रकाश बोहरा की अध्यक्षता और राजीव मुरारी के संचालन में हुई बैठक में गीतांजलि सेवा संस्थान के अध्यक्ष सतीश पांडेय को डीलरों ने अपनी समस्याएं बताई। सतीश ने डीलरों की समस्या को शासन स्तर पर पहुंचाकर उनके समाधान का भरोसा दिलाया। पांडेय ने समिति की ओर से डीलरों को मास्क और सैनिटाइजर वितरित किए। राशन डीलरों का कहना था कि राज्य पोषित योजना के अंतर्गत सरकारी राशन डीलरों को वितरित किए जाने वाले गेहूं, चावल और चीनी में विक्रेताओं को बहुत ही कम कमीशन दिया जा रहा है। सरकार जनता के हितों को देखते हुए उन्हें राशन बढ़ाकर दे रही है, लेकिन डीलरों का कमीशन बढ़ाने में कोई रुचि नहीं ले रही। जल्द राशन डीलरों का कमीशन न बढ़ाने पर एसएफवाई योजना के राशन गोदामों से नहीं उठाएंगे। बैठक में चंद्रमोहन जोशी, रामू ढेक, नारायण सिंह, विक्रम ढेक, राजू फर्त्याल, लाल सिंह, मदन सिंह, हेमंत कुमार, जोगा सिंह, होशियार सिंह, दिनेश, मोहन सिंह आदि डीलर मौजूद रहे।