टनकपुर (चंपावत)। रेलवे स्टेशन के यात्री शेड पर एक व्यक्ति अचेत हालत में पड़ा मिला। जीआरपी ने 108 सेवा से उप जिला अस्पताल भेजा, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की जेब से एक नोटरी शपथ पत्र मिला है जिसमें लिखा है कि वह कुछ समय पहले बीमार हुआ और उसकी मृत्यु होती है तो कोई जिम्मेदार नहीं रहेगा। पीलीभीत के पूरनपुर से रिश्तेदारों ने पहुंचकर शव की शिनाख्त की। युवक अविवाहित था और अकेले रहता था।
जीआरपी के एएसआई खजान सिंह बिष्ट ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 9:50 बजे रेलवे स्टेशन के यात्री शेड पर यूपी के जिला पीलीभीत, पूरनपुर वार्ड संख्या 2, मोहल्ला कायस्थान निवासी मोहित जौहरी पुत्र स्व. उमेश चौधरी अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उसकी बायीं आंख और मुंह से खून निकल रहा था। उसे उप जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉ. आफताब ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की जेब से आधार कार्ड और छह मई का एक नोटरी शपथ पत्र मिला है। इसमें ब्लड प्रेशर की दवाई खाने से रिएक्शन होने और कर्ज, स्वास्थ्य खराब होने, मानसिक रूप से परेशान होने की बात लिखी है।
साथ ही लिखा है कि उसकी मौत होने पर किसी को परेशान न किया जाए। कोतवाली पूरनपुर में संपर्क कर उसके परिजनों को सूचना दी गई। पूरनपुर से आई मृतक की मौसी ज्योति ने बताया कि मोहित अविवाहित था और बिजली का कार्य करता था। परिवार में बहन प्रिया की शादी हो गई है जबकि मां नीलम बरेली में रहती हैं। वह अकेले ही पूरनपुर में रहता था। जीआरपी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।