बनबसा (चंपावत)। अंबेडकर ग्राम फागपुर के ग्रामीण लंबे समय से लावारिस पशुओं से खासे परेशान हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द लावारिस पशुओं से निजात दिलाने की मांग की है। अंबेडकर ग्राम फागपुर के लोग लावारिस पशुओं से परेशान हैं। ग्राम प्रधान गीता देवी ने बताया कि गांव में करीब 45 से 50 लावारिस पशुओं ने डेरा जमाया है।
दिन के समय लावारिस पशु सेना छावनी, रेलवे पटरियों के आसपास घूमते रहते हैं लेकिन रात में गांव में घूम कर आवारा पशु किसानों की मेहनत पर पानी फेर रहे हैं। किसान गोविंद राम, अजय लाल, मनोज कालाकोटी, दिनेश प्रसाद, गोकुलानंद, रमेश चंद्र, श्रीकृष्ण, अमर राम, दीवानी राम, मनोहर राम, पन्ना लाल, प्रह्लाद राम आदि ने बताया कि आवारा पशुओं ने उनके खेतों में खड़ी फसल चट कर दी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से लावारिस पशुओं से निजात दिलाकर उनके नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की है। ग्राम प्रधान गीता देवी, उपप्रधान विमला देवी, पूर्व प्रधान चंद्रप्रकाश, ललिता देवी, भागीरथी देवी आदि ने प्रशासन से जल्द गांव में आवारा पशुओं की धरपकड़ को खोड़ (काजी हाउस) बनाने की मांग की है।