धूनाघाट के पास तालाब में मिला महिला का शव
- फोटो : अमर उजाला
धूनाघाट के पास कायरिया तालाब में एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्राम प्रहरी और प्रधान रघुवर सिंह ने लाश मिलने की सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके में पहुंचकर शव को तालाब से बाहर निकाला। थानाध्यक्ष मनोज रतूड़ी का कहना है कि शव की शिनाख्त लक्ष्मी (20), पुत्री विक्रम सिंह निवासी बुंगा कमलेख के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि इसी साल जनवरी में लक्ष्मी का विवाह बदायूं के कृष्ण के साथ हुई थी। विवाह के एक दिन बाद ही वह मायके लौट आई उसके बाद वह कभी ससुराल नहीं गई। ससुराल पक्ष से भी कोई लक्ष्मी को लेने नहीं आया। मायके वालों के अनुसार लक्ष्मी मानसिक रूप से कमजोर थी। लक्ष्मी और उसकी मां के बीच आए दिन कहासुनी हुआ करती थी। अक्सर लक्ष्मी घर से चली जाती थी बाद में लौट आती थी।
मंगलवार को भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, और लक्ष्मी घर से चली गई थी। जब काफी देर तक लक्ष्मी नहीं लौटी तो परिजनों ने सभी जगह तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चला। एसओ के अनुसार तालाब के किनारे चप्पल रखी हुई मिली तथा शरीर में किसी भी प्रकार के निशान नहीं पाए गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरा। परिजनों के अनुरोध पर शव का पोस्टमार्टम नहीं किया गया। एसओ के अनुसार मामला आत्महत्या का है।