बुधवार को दोहा से श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंची कतर एयरवेज की फ्लाइट के टायलेट से करीब दो किलो सोने के सिक्के बरामद किए गए।
हालांकि इस मामले में किसी को गिरफ्तारी नहीं की गई है। जानकारी के अनुसार सुबह आठ बजे करीब कतर एयरवेज की फ्लाइट नंबर 548 एयरपोर्ट पर उतरी। यात्रियों के बाहर आने के बाद कस्टम अधिकारियों ने जब पूरी बारीकी से जांच की तो इकोनामिक कटेगरी के टायलेट में अटैची के अंदर एक पैकेट मिला। अधिकारियों ने जब उसे खोला तो उसमें सोने के 246 सिक्के थे।
बाजार में इसकी कीमत 52 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। अधिकारियों के अनुसार विभाग को इसकी पहले से ही सूचना थी। हो सकता है कि इसके चलते संबंधित व्यक्ति उसे टायलेट में रखकर चला गया हो। फिलहाल उक्त सोने के सिक्कों का कोई भी वारिस सामने नहीं आया है। मामले की जांच जारी है।