चंपावत, लोहाघाट और पाटी में बाइक सवारों को सुधारने का पुलिस का अभियान जोरों पर है। हेलमेट के बगैर बाइक चला रहे 23 लोगों को पुलिस ने हेलमेट पहनाया। जिला मुख्यालय में यातायात प्रभारी ज्योति प्रकाश ने एक बाइक सवार को हेलमेट पहनाया। 10 चालान और 1100 रुपये का जुर्माना लगाया।
पाटी में 24 लोगों को हेलमेट पहनाने के साथ इतने ही लोगों के चालान किए गए हैं। अब हेलमेट होते हुए बाइक में टांगकर ले जाने वालों से पुलिस नए हेलमेट खरीदने को कहेगी। थानाध्यक्ष प्रभात कुमार के निर्देशन और दरोगा खुशाल सिंह के नेतृत्व में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमों की जानकारी दी गई।
वहीं, लोहाघाट में पुलिस उपनिरीक्षक मीनाक्षी नौटियाल, एसआई चंद्र सिंह रावत ने रविवार को 10 लोगों को हेलमेट पहनाए। साथ ही 12 चालान किए गए। पुलिस के इस अभियान के चलते अब बाइकर्स ने हेलमेट पहनने शुरू कर दिए हैं।
बिना हेलमेट 25 वाहन चालकों का चालान
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। थाना पुलिस ने रविवार को व्यापक अभियान चलाकर बिना हेलमेट वाले 25 वाहन चालकों का चालान किया और 2500 रुपये का जुर्माना वसूला। थाना प्रभारी एसएस नयाल ने बताया कि अभियान जारी रहेगा। दो से अधिक बार चालान होने पर वाहन सीज कर दिया जाएगा।