लधिया घाटी की धुरी श्रीरीठा साहिब में बीते दो महीनों में हुई चोरी की चार वारदातों में से एक का भी खुलासा नहीं होने से ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। ग्रामीणों ने एसपी को पत्र भेजकर लंबे समय से तैनात स्टाफ को हटाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में न तो चोरी का खुलासा हुआ और न ही अवैध शराब के धंधे पर कोई लगाम लग पा रही है। नैनीताल जिले की सीमा से लगे लधिया घाटी के इन इलाकों में शराब की अवैध तस्करी का भी आरोप लगाया गया। पुलिस की नाकामी के चलते ग्रामीणों ने श्रीरीठा साहिब के लंबे समय से तैनात स्टाफ को बदलने की मांग भी की है। ज्ञापन में खरही के जिपं सदस्य भोला सिंह बोहरा, ग्राम प्रधान पुष्पा बोहरा, तुलसी देवी, भावना, महेश राम, माधवी देवी, चंपा परवाल, क्षेपं सदस्य मुन्नी देवी, उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष घनश्याम बिनवाल आदि के नाम हैं।
वहीं, श्रीरीठा साहिब के थानाध्यक्ष सीएस कन्याल ने पुलिस की नाकामी के आरोपों को खारिज किया है। कहा कि कई चोरी के मामले सही नहीं है। उधर एसपी दिलीप सिंह कुंवर का कहना है कि प्रतिनिधियों की शिकायत के मद्देजनर जो भी कदम जरूरी हैं, उठाया जाएगा।