चोरों ने शहर से लगी विष्णुपुरी कालोनी में बंद पड़े दो घर खंगाल डाले। एक घर से चोर करीब 11 तोला सोने के आभूषण, एक पायल और 15 हजार रुपये की नगदी चुरा ले गए। वहीं दूसरे घर में चोरी हुए सामान का पता नहीं चल सका है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बृहस्पतिवार सुबह विष्णुपुरी कालोनी में देवी प्रसाद शर्मा के मकान का दरवाजा खुला दिखा तो आसपास के लोगों ने उन्हें और पुलिस को फौरन इसकी सूचना दी। देवी प्रसाद शर्मा का परिवार पूजा के लिए अपने मूल गांव गया हुआ था और घटना वाली रात घर में कोई नहीं था। चोर दरवाजों पर लगे तालों को काटकर अंदर घुसे और अलमारियों में रखी 15 हजार रुपये की नगदी और करीब 11 तोला स्वर्ण आभूषण और एक जोड़ी पायल चुरा ले गए हैं। सूचना पर कोतवाल विनोद यादव मय फोर्स मौके पर पहुंचे।
पुलिस भुक्तभोगी से घटना के बारे में पूछताछ कर रही थी कि पता चला कि कालोनी में ही राजेंद्र प्रसाद के घर पर भी चोरों ने रात में धावा बोल चोरी की घटना को अंजाम दिया है। कोतवाल ने बताया कि राजेंद्र के घर से चोरी हुए सामान का अभी पता नहीं चल सका है। उन्होंने बताया कि देवी प्रसाद शर्मा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर चोरों का सुराग लगाया जा रहा है।
बंद घर बनाए जा रहे हैं निशाना
विष्णुपुरी कालोनी में अक्सर चोरों ने उस घर को निशाना है, जिस घर के लोग ताला लगाकर घर से बाहर गए हों। इससे पूर्व टनकपुर के ज्ञानखेड़ा और बनबसा के दो घरों में भी इसी अंदाज में चोरों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया था, जिसका पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर पाई है।