जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) के ग्यारहवीं कक्षा के एक छात्र पर रात में महिला शिक्षिका को फोन पर परेशान करने का आरोप लगा है। इसके अलावा इस छात्र पर इंटर की छात्राओं के साथ अभद्रता में संलग्न पाने की बात कही गई है। अनुशासनहीनता के आरोप में छात्र को निलंबित करने के बाद शनिवार को अब विद्यालय ने छात्र के पिता को पत्र भेज कार्रवाई की चेतावनी दी है।
प्राचार्या बीनू जैन द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि ग्यारहवीं के इस छात्र को कई बार अनुशासनहीनता की गतिविधियों में लिप्त पाया गया। नौंवी कक्षा से अब तक इस आरोप में उसे कई बार निलंबित किया जा चुका है। पत्र में कहा गया कि इस बार यह छात्र देर रात एक महिला शिक्षिका को फोन पर परेशान करते पाया गया। पूर्व में शपथ पत्र देने के बाद भी छात्र में सुधार नहीं हुआ है। सितंबर में छात्र को निलंबित कर अग्रिम आदेश तक घर भेजा गया, लेकिन इसके बावजूद छात्र के पिता द्वारा संपर्क नहीं करने का आरोप लगाया गया है।
अभिभावक ने लगाया आरोप, भेजा ज्ञापन
छात्र के अभिभावक ने अपने बच्चे पर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए उल्टा जेएनवी पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। कहा कि विद्यालय स्टाफ द्वारा हॉस्टल में घुसकर बच्चे के साथ मारपीट और अभद्र भाषा का प्रयोग कर मनोबल तोड़ने की कोशिश की गई है। उन्होंने केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय को पत्र भेजकर इस मामले की जांच कर इंसाफ दिलाने की मांग की है।