फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के रामनगर खुर्द गांव में एक पशुबाड़े में संदिग्ध हालात में आग लग गई, जिसमें तीन मवेशी झुलस गए। आग बुझाने के लिए पड़ोस का युवक भी पहुंचा, जो ऊपर से गुजरी एलटी लाइन के तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक मवेशी की भी मौत हो गई।
गांव रामनगर खुर्द में शनिवार की अल सुबह साढ़े तीन बजे ओमकार तिवारी के पशुबाड़े में अचानक आग लग गई। उस समय घर के सभी लोग सोए हुए थे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पड़ोस के मस्तराम और दाताराम के छप्परों को भी अपने चपेट में ले लिया। आग की विकराल लपटों में छप्परों के ऊपर से गुजरी एलटी लाइन की एबीसी केबल जलकर आग बुझा रहे राजेंद्र प्रसाद के ऊपर गिरी, जिसकी चपेट में आने से 42 वर्षीय राजेंद्र प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि आग से ओमकार तिवारी के पशुबाड़े में बंधी तीन भैंसें झुलस गई, जिसमें एक पड़िया की मौके पर ही मौत हो गई। ओमकार तिवारी ने बताया कि आग रंजिशन लगाई गई है। इससे पहले भी इस तरह की वारदातें होती रही हैं। आग की सूचना पाकर विधायक रामसरन, एसडीएम सदर अशोक कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और पीड़ितों को ढाढ़स बंधाया। लेखपाल राजीव कुमार ने मौके पर पहुंच कर आग से हुए नुकसान की सूची तैयार की। बिजली विभाग की ओर से कोई अधिकारी या कर्मचारी गांव नहीं पहुंचने से लोगों में रोष है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
हादसे से टूटा मुसीबतों का पहाड़
मूड़ा सवारान। इस हादसे से मृतक राजेंद्र प्रसाद के परिवार पर मुसीबतों का पहाड़ टूट गया है। मृतक के परिवार में पत्नी रामरानी (38) पुत्री संजूू (16), अरुन (13), अमन (10), वीरू (8) और अंजली (6) हैं, जिनका सहारा केवल राजेंद्र ही था।
गन्ना क्रय केंद्र में आग से जला सामान
मूड़ा सवारान। गुलरिया चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्र कांकरकुंइयां में शुक्रवार रात को अचानक आग लग गई, जिससे वहां रखा काफी सामान जल गया।
कांकरकुइयां गांव में गुलरिया चीनी मिल का गन्ना क्रय केंद्र लगा है। शुक्रवार की रात क्रय केंद्र के सामान रखने वाली झोपड़ी में अचानक आग लग गई, जिससे झोपड़ी में रखी कुर्सी, मेज, तराजू, बिस्तर, चारपाई आदि सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। सूचना पर पहुंचे अलीगंज चौकी इंचार्ज शंखधर भट्ट ने मौका मुआयना कर क्रय केंद्र के चौकीदार समेत दो लोगों को हिरासत में ले लिया है।