थर्टी फर्स्ट यानि 31 दिसंबर से शहर के एक होटल में ठहरे धारचूला के यात्री ने होटल के कमरे में फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और शव की शिनाख्त के साथ ही घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
पिथौरागढ़ जिले के धारचूला तहसील के खैला आंशिक (चापू) गांव निवासी गुजेंदर सिंह (65) पुत्र स्व.चिमड़ सिंह 31 दिसंबर को टनकपुर पहुंचा और शहर के कुमार होटल में ठहरा। होटल स्वामी अनिल कुमार के मुताबिक उसने 31 दिसंबर की दोपहर होटल में कमरा लिया तब से वह यहीं ठहरा था। हर दिन सुबह उठकर चाय-बिस्कुट मंगाता था, लेकिन रविवार सुबह वह नहीं उठा। होटल कर्मी ने दिन में कई बार उसके कमरे का दरवाजा खटखटा कर उठाने का प्रयास किया, मगर जब वह शाम तक नहीं उठा तो कुछ अनहोनी की आशंका होने पर होटल स्वामी ने फौरन पुलिस को सूचना दी। होटल पहुंचे उप निरीक्षक प्रवीन चंद और अनुराग सिंह ने कमरे के दरवाजे का कुंडा तोड़ा तो अंदर का नजारा देख वह दंग रह गए।
कमरे में गजेंदर सिंह लाइलॉन की रस्सी से पंखे में फंदा डालकर लटका था। सूचना पर एसडीएम नरेश दुर्गापाल, सीओ राजन सिंह रौतेला और एसओजी इंचार्ज प्रभात कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का जायजा लेकर शव को कब्जे में लिया। एसओजी इंचार्ज प्रभात कुमार ने बताया कि मृतक के पर्स से 18 हजार से अधिक की नगदी, एटीएम कार्ड और अन्य कागजात मिले हैं। बहरहाल, खबर लिखे जाने तक मृतक के बारे में अधिक जानकारी नहीं मिल सकी थी। बस यही पता चला है कि गुजेंदर रुद्रपुर में सागर होटल में काम करता था। अलबत्ता होटल स्वामी का कहना था कि टनकपुर आने पर गुजेंदर अक्सर उसके होटल में आकर ठहराता था।