एसएसबी की पेट्रोलिंग टीम को देख साइकिलें छोड़ फरार हुए तस्करों का सामान एसएसबी के हत्थे चढ़ा। डीजल समेत बड़ी मात्रा में मिला सामान एसएसबी ने खटीमा स्थित कस्टम विभाग को सौंप दिया है।
एसएसबी की 57 वीं वाहनी की धनुष पुल स्थित डी कंपनी प्रभारी उप सेनानायक एसआई अरुण कुमार के निर्देश पर सोमवार रात सीमा पर पेट्रोलिंग पर थे। एसएसबी नाका पार्टी ने भारत नेपाल पिलर संख्या 11 के पास कुछ साइकिल सवारों को भारत से नेपाल की ओर जाते देखने पर रुकने को कहा।
अंधेरे का फायदा उठा साइकिलें छोड़ तस्कर नेपाल की ओर भाग गए। एसएसबी को छह साइकिलों पर 110 लीटर डीजल, सीमेंट, यूरिया, खाद के कट्टे और पेंट के डिब्बे मिले।
एसएसबी के प्रभारी ने बताया कि नाका पार्टी को मिले सामान की कीमत करीब 36 हजार रुपये है। नाका पार्टी में एसआई केशव राम, एएसआई सतपाल, एचसी रामचंद्र जलाल, संबंध कुमार, दुुर्ग विजय, राजेश गिरि, मनजीत सिंह, धर्मेंद्र सिंह, विमल कुमार, रवि कुमार, नागू टोपनो आदि शामिल थे।