चंपावत जिले की खस्ताहाल गल्लागांव-देवलीमाफी सड़क।
- फोटो : अमर उजाला
बारिश ने एनएच में चंपावत-बनलेख हिस्से में जगह-जगह कीचड़ सिरदर्द बना। दलदल में तब्दील सड़क से आवाजाही इस कदर मुश्किल हुई कि चंपावत-बनलेख के बीच कार, जीप और छोटे वाहनों के लिए मार्ग को छह घंटे से अधिक समय तक ललुवापानी होते हुए डायवर्ट करना पड़ा। कोतवाल सलाउद्दीन खान ने बताया कि सुबह आठ बजे से दोपहर ढाई बजे तक डायवर्जन रहा। अलबत्ता बड़े वाहन हल्की गति से चंपावत-बनलेख के बीच चलते रहे।
चंपावत में बंद रहे दो आंतरिक मोटर मार्ग
चंपावत। बारिश से जिले में दो आंतरिक मोटर मार्ग बंद हो गए। सूखीढांग-डांडा-मीनार (एसडीएम) सुबह आठ बजे और धौन-दियूरी मोटर मार्ग सुबह 9.20 बजे से बंद हो गया। इसके चलते यहां ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। लोनिवि के ईई डीडी भट्ट ने बताया कि दोनों स्थानों पर सड़क को खोलने के लिए जेसीबी के साथ टीम भेजी गई है।
मंगलवार को बंद रहेंगे चंपावत के स्कूल
चंपावत। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। इसके चलते चंपावत जिले में मंगलवार को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद किया गया है। डीएम डॉ.अहमद इकबाल ने एहतियातन कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। अलबत्ता शिक्षकों को स्कूल में जाना होगा। वहीं प्रशासन ने नदी, नाले व गधेरों के नजदीक रहने वाले परिवारों को चिन्हित कर अन्यत्र सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के राजस्व उप निरीक्षकों को आदेश दिए हैं।
सड़क खोलने को लोनिवि ने लगाए हैं दस जेसीबी
चंपावत। बंद सड़कों को जल्द खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग ने दस स्थानों पर जेसीबी सहित अन्य उपकरण रखे हैं। भिंगराड़ा-रीठा साहिब मोटर मार्ग में बिरगुल, चंपावत-खेतीखान मार्ग में सिप्टी-न्याड़ी, चंपावत-मंच-तामली, सूखीढांग-डांडा-मीनार, ककरालीगेट-ठुलीगाड़ में बाटनागाड़ में एक-एक जेसीबी रखा गया है। इसी तरह लोहाघाट डिवीजन में लोहाघाट में दो, पाटी और बाराकोट में एक-एक जेसीबी, एक डंपर और एक छोटा जेसीबी रखा गया है। गल्लागांव-देवलीमाफी व लोहाघाट-पंचेश्वर मार्ग संवेदनशील हाल में है।
कहां कितनी बारिश
मुनस्यारी-250 एमएम
टनकपुर : 136 एमएम
बनबसा : 135 एमएम
धारचूला-68 एमएम
चंपावत : 14 एमएम
डीडीहाट 11 एमएम
लोहाघाट : 1 एमएम
पिथौरागढ़-0 एमएम
बेड़ीनाग-0 एमएम
गंगोलीहाट-0 एमएम
पाटी : 0 एमएम
पिथौरागढ़ की बंद सड़कें
1. थल-मुनस्यारी
2. नाचनी-बांसबगड़
3. बांसबगड़-कोटा
4. तवाघाट-सोबला
5. तवाघाट-घाटीबगड़
6. न्यू सोबला-सेला-तेदांग
7. जौलजीबी-मदकोट
8. मुनस्यारी-डांडाधार
9. बसंतकोट-फल्यांटी
चंपावत की बंद सड़कें
1.सूखीढांग-डांडा-मीनार मोटर मार्ग।
2.धौन-दियूरी मोटर मार्ग।