पीपीपी मोड अस्पताल में प्रबंधन की लापरवाही के चलते यहां महिलाओं और बच्चों की हो रही मौतों को घटनाओं को उजागर कर रही तीलू रौतेली पुरस्कार प्राप्त रीता गहतोड़ी को गुमनाम पत्र में जान से मारने की धमकी दी गई है। रीता ने इस संबंध में एसपी डीएस कुंवर, एसडीएम सीएस डोबाल से वार्ता करने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन देकर अपनी सुरक्षा एवं धमकी देने वाले व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
उनका कहना है कि वे रोज अस्पताल में मरीजों की सहायता, उनका उचित प्रबंध आदि कार्य करने के साथ उन्हें सहयोग करती आ रही है। हाल ही में गर्भस्थ शिशु की मौत को प्रबंधन द्वारा दबाने का प्रयास किया जा रहा था, जिसे उन्होंने ही उजागर किया था। उन्होंने पुलिस प्रशासन से उक्त गुमनाम पत्र की जांच कराकर दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
क्या लिखा है पत्र में
डाक से मिले इस पत्र में लिखा गया है कि ज्यादा नेतागिरी मत करो, हमसे टक्कर लेने की कुव्वत नहीं है किसी में, अपने काम से मतलब रखो। नहीं तो कहां गई पता नहीं चलेगा। हम हर स्टैप में पैसा दे रहे हैं, इस लेटर को पढ़ते ही फाड़ देना और चुपचाप अपने काम से मतलब रखना। वैसे भी इसमें हमारा नाम नहीं है तुम किसी से कुछ कह भी नहीं सकती बस अस्पताल के मामले से दूर रहो। नहीं तो तुम्हारे साथ कुछ भी हो सकता है। एक अच्छा सा वाल्मीकि लड़का ढूंढकर घर बसा लो, हमसे टक्कर मत लो।