विष्णुपुरी कालोनी में दो घरों में हुई चोरी का पुलिस आठ दिन बाद भी पर्दाफाश नहीं कर सकी है। पीड़ित परिवार पुलिस पर चोरी के खुलासे में ढिलाई बरतने का आरोप लगा रहा है। पीड़ित परिवार एक व्यक्ति पर शक जता रहा है, लेकिन साक्ष्य के अभाव में पुलिस बेबस है।
25 दिसंबर की रात विष्णुपुरी कालोनी में देवी प्रसाद शर्मा और राजेंद्र प्रसाद के घर को निशाना बनाया था। चोर देवी प्रसाद के घर से करीब 11 तोला सोने के आभूषण, एक जोड़ी पायल और 15 हजार रुपये की नकदी चुरा ले गए हैं। चोरों ने घर में तब धावा बोला था जब देवी प्रसाद शर्मा पूरे परिवार को लेकर पूजा के लिए अपने मूल गांव चंपावत गए थे और घर में कोई नहीं था, जबकि राजेंद्र के घर से कोई भी सामान चोरी होने की पुष्टि नहीं हो पाई है।
घटना के आठ दिन बाद भी चोरों का सुराग लगाने में नाकाम रही पुलिस पर पीड़ित देवी प्रसाद शर्मा ने खुलासे में टाल-मटोली का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उन्हें एक व्यक्ति पर शक है और इस बारे में पुलिस बता भी दिया गया है। पुलिस उससे सख्ती से पूछे तो चोरी का खुलासा हो सकता है। इधर, कोतवाल विनोद यादव का कहना है कि पीड़ित परिवार एक व्यक्ति पर शक तो जता रहा है। उससे गहन पूछताछ की गई है, लेकिन पूछताछ में ऐसी कोई बात सामने नहीं आई है। साक्ष्य के अभाव में सख्ती नहीं बरती जा सकती है।