शहर में यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने की मुहिम में शनिवार को नियमों को तोड़ते मिले पुलिस कर्मी और राजनैतिक दलों के कार्यकर्ता भी नहीं बख्शे गए। पुलिस का डंडा अपनों पर चला तो स्थिति देखने लायक थी। कोतवाली पुलिस के एक कर्मी, ग्रिफ के कर्मी और भाजपा नेता समेत 33 का चालान किया गया। टीम ने चार वाहनों को सीज भी किया। अमर उजाला की पहल का सीधा असर छोटे-मोटे सड़क हादसों में आ रही कमी के रूप में साफ नजर आ रही है।
एसपी डीएस कुंवर के निर्देश पर कोतवाल कमल राम आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीमें चौथे दिन भी शहर के रेलवे स्टेशन रोड से लेकर अनेक स्थानों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त दिखी। इस बीच मनिहार गोठ रोड पर तो पुलिस कर्मी राकेश गिरि भी बिना हेलमेट आते मिले तो कोतवाल बिफर पड़े। उन्होंने तत्काल चालान काटा और भविष्य में नियमों के अनुपालन की नसीहत दी।
इसके बाद ग्रिफ के कर्मी भी उनको बिना हेलमेट ही मिल गए। पुलिस और ग्रिफ कर्मियों के चालान कटने से आने-जाने वाले वाहन चालकों के चेहरे पर नियमों को लेकर पालन में सख्ती के भाव साफ नजर आया। इस बीच भाजपा नेता योगेश जोशी का भी चालान किया गया। कोतवाल ने स्पष्ट किया कि चालान में कोई भी सिफारिश नहीं सुनी जाएगी।
पुलिस ने 22 वाहन चालकों को पहनाए हेलमेट
लोहाघाट (चंपावत)। पुलिस ने यहां भी बगैर हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों को अब स्वयं हेलमेट पहनाने का बीड़ा उठा लिया है। एसआई मीनाक्षी नौटियाल और सीएस रावत की ओर से लोगों को यह समझाने का प्रयास किया जा रहा है कि हेलमेट पहनना उनकी सुरक्षित यात्रा के लिए अनिवार्य है। इस दौरान 36 दोपहिया वाहन चालकों के चालान किए गए, जिसमें 10 लोगों के मामले न्यायालय भेजे गए हैं। अभियान के तहत पुलिस ने 22 लोगों को हेलमेट पहनाकर विदा किया। पुलिस के इस अभियान से हेलमेट की बिक्री भी बढ़ी है। पुलिस के अनुसार यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक लोग हेलमेट पहनना अपनी आदत में शामिल नहीं करते हैं।