दीपावली के मद्देनजर खाद्य सामग्रियों में मिलावट की आशंका पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शनिवार को टनकपुर और बनबसा के प्रतिष्ठानों में चेकिंग की। एक मिष्ठान भंडार में दस किलोग्राम खराब खोया और बांसी मिठाइयां नष्ट कराई। मिठाई विक्रेताओं को अधिक मात्रा में मिठाई बनाकर नहीं रखने और मिठाइयों में रंग का अधिक प्रयोग नहीं करने की हिदायत दी गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी ने पहले बनबसा और फिर टनकपुर के प्रतिष्ठानों में छापा मार खाद्य सामग्रियों की शुद्धता जांची। बनबसा में मिठाई की दो दुकानों से मिठाई और बेसन के सैंपल लिए, वहीं टनकपुर में एक दुकान से खाद्य तेल का सैंपल लिया गया। सैंपलों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। चेकिंग में विभाग के सहायक कमल सिंह भी मौजूद थे। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि मिठाइयों में रंगों का अधिक प्रयोग पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।