तेंदुए की खाल के साथ पकड़े गए व्यक्ति को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में लोहाघाट बंदीगृह भेज दिया है। वन विभाग की ओर से आरोपी के खिलाफ वन्य जंतु संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला पंजीकृत किया गया है।
वन क्षेत्राधिकारी बृजमोहन टम्टा को मिली सूचना के बाद रविवार को वन विभाग और पुलिस की टीम ने लोहाघाट निवासी रवि फर्त्याल को उस समय हिरासत में लिया जब वह अपनी कार से लोहाघाट से टनकपुर की ओर जा रहा था। आरोपी के पास तेंदुए की खाल बरामद हुई थी। देर रात तक चली पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे जंगल में तेंदुआ मृत अवस्था में मिला था, जिसकी उसने खाल निकाल ली थी। वह खाल को बेचने के लिए टनकपुर जा रहा था।
सोमवार को उप प्रभागीय वनाधिकारी मनोहर सिंह की अगुवाई में वन क्षेत्राधिकारी बीएम टम्टा, बची सिंह बिष्ट, चतुर सिंह महर आदि ने बरामद खाल को सील किया। मामले में आरोप पत्र तैयार करने के साथ आरोपी को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मंजू सिंह मुंडे की अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक बंदीगृह में भेज दिया। जिले में तेंदुए की खाल तस्करी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इससे पूर्व सतकूला में दो खालों के साथ एक अभियुक्त को हिरासत में लेने के साथ ही कई अन्य मामले सामने आ चुके हैं।
एफआईआर दर्ज करने में लग गए 14 घंटे
तेंदुए की खाल को दबोचने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने में भी देरी हुई। आरोपी के पकड़ में आने के घंटों तक पुलिस भी मामले से पल्ला झाड़ती रही। हालात यह बने कि एफआईआर दर्ज करने में ही 14 घंटे से अधिक का वक्त लग गया। वन विभाग ने रविवार शाम करीब छह बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर तिलोन के पास से एक युवक से तेंदुए की खाल दबोची। अभियान में शामिल होने के बाद पुलिस भी देर रात तक मामले से अनभिज्ञता जताती रही। वन विभाग ने सोमवार आठ बजे के बाद मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। वन क्षेत्राधिकारी बृज मोहन टम्टा ने कहा कि विभागीय मशविरे के बाद पुख्ता तरीके से प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सियासत भी गरमाई
इस मामले को लेकर सियासत के गरमाने के आसार है। बीते दिन आरोपी के सत्तारूढ़ पार्टी के करीबी होने की चर्चा रही। भाजपा विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने सोमवार को इसे पूरी तरह से नकार दिया। फर्त्याल ने कहा कि भाजपा सरकार अपराधियों को कतई नहीं बख्शेगी। उन्होंने आरोपी के कांग्रेस से जुड़े होने की बात कही। भाजपा जिलाध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया और पूर्व जिलाध्यक्ष व वरिष्ठ नेता सुभाष बगौली ने कहा कि आरोपी का पार्टी या पार्टी के किसी नेता से संबंध नहीं है।
तेंदुए को गोली मारने के मामले में संदिग्ध से पूछताछ
काली कुमाऊं रेंज में घाट के पास तेंदुए की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस और वन विभाग द्वारा एक संदिग्ध व्यक्ति को लोहाघाट थाने बुलाकर उससे गहन पूछताछ की गई। उक्त व्यक्ति द्वारा इस मामले में उसका हाथ होने से इंकार किया गया। अलबत्ता उसने घटना के दिन अपने साथियों के साथ होने की बात कही गई। जिसके आधार पर उसके साथियों से भी वन विभाग द्वारा पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के नौ दिनों बाद भी तेंदुए को मौत के घाट उतारने वाले आरोपी वन विभाग की पकड़ से बाहर है। सोमवार को उप प्रभागीय वनाधिकारी मनोहर सिंह सेमिया, रेंजर एनके पंत द्वारा बौतड़ी निवासी एक संदिग्ध व्यक्ति जिसके पास एक लाइसेंसी राइफल और पिस्टल है को पूछताछ के लिए लोहाघाट थाने में बुलाया गया। थानाध्यक्ष मीनाक्षी नौटियाल द्वारा उक्त व्यक्ति से गहन पूछताछ की गई। एसओ ने बताया कि उक्त संदिग्ध व्यक्ति द्वारा घटना में उसका हाथ होने से साफ मना किया जा रहा है। उसने घटना के दिन अपने अन्य साथियों के साथ होने की बात कही। उसके द्वारा अपने साथियों का पता बताया गया। जिसके बाद उसे छोड़ दिया गया। एसडीओ सेमियां और रेंजर पंत का कहना है कि संदिग्ध व्यक्ति द्वारा बताए गए उसके साथियों से पूछताछ शुरू कर दी गई है। जरूरत पड़ने पर उसके साथियों और उक्त व्यक्ति को दोबारा थाने में बुलाकर पूछताछ की जाएगी। वन अधिकारियों का कहना है कि टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्ति की काल डिटेल निकाली गई है। जिसकी जांच की जा रही है।