अनर्पा में आधार कार्ड बनाने के नाम पर ठगी के आरोप लगे हैं। ग्रामीणों के विरोध करने पर यहां से टीम खिसक गई है, जिस वजह से करीब 12 परिवारों के लोग कार्ड बनाने से वंचित रह गए हैं।
अनर्पा गांव में सोमवार को आधार शिविर लगाया गया था। आरोप है कि यहां आधार बनाने वाली टीम लोगों से 30 से 100 रुपये तक वसूल रही थी। मंगलवार को उन्होंने ग्राम प्रधान के घर में कार्ड बनाए। जब बीडीसी के पूर्व सदस्य एलडी जोशी आदि ने पैसे लेने का विरोध करते हुए इसकी जानकारी एसडीएम जेएस राठौर और पूर्व ब्लॉक प्रमुख एलएस लमगड़िया को दी। साथ ही जब बीडीसी के पूर्व सदस्य सहित अन्य लोगों ने कार्ड बनाने वालों से इसका विरोध कर रकम वापस मांगी, तो वे बीच में ही काम समेटकर चल दिए। जाने से पहले आधार कार्ड बनाने वालों ने कुछ घंटों में आने की बात कही, लेकिन वे मंगलवार शाम तक नहीं लौटे।
यहां गिरीश जोशी, सरस्वती देवी, लक्ष्मी दत्त, ईश्वरी देवी, पूजा जोशी, सीएस जोशी, चंपा देवी, भूपाल सिंह आदि उनके आने की इंतजार में शाम तक बैठे रहे, लेकिन वे नहीं आए। वहीं, प्रशासन ने मामले की जांच कराने की बात कही है।