कथित प्रेम-प्रसंग के चलते शहर का एक सभासद बीते चार दिनों से रहस्यमय ढंग से लापता है। पिता सत्यनारायण साहू ने सभासद की गुमशुदगी की तहरीर दी है, जबकि बरेली कोतवाली में एक युवती ने भी सभासद के खिलाफ शारीरिक शोषण की तहरीर दी है। लापता सभासद की तलाश में पुलिस टीम बरेली भेजी गई है। बहरहाल देर रात तक लापता सभासद का पता नहीं चल सका था।
शहर के वार्ड संख्या सात के सभासद मुकेश साहू चार दिन पहले शारदा चुंगी स्थित घर से दुकान के लिए निकले थे, लेकिन वे न तो दुकान पहुंचे और न ही घर लौटे हैं। मुकेश की 11 फरवरी को हल्द्वानी निवासी लड़की से शादी होनी है, लेकिन उसके एकाएक लापता होने से परिवार में खलबली मची है। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक बुधवार शाम बरेली से किसी युवती का फोन आया था। फोन में युवती ने परिजनों को बताया कि उसके और सभासद साहूू के बीच लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा है ऐसे में वह किसी अन्य युवती से कैसे शादी कर सकता है। युवती का फोन आने के बाद से परिवार के लोग परेशान हैं। इधर मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी डीएस कुंवर के निर्देश पर बृहस्पतिवार को पुलिस टीम बरेली रवाना हुई है।
बरेली पहुंचे उप निरीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि बरेली कोतवाली में युवती ने भी सभासद के खिलाफ दो दिन पहले शारीरिक शोषण की तहरीर दी है। युवती तो कोतवाली पहुंच गई, लेकिन सभासद का अब तक पता नहीं चल सका है। इधर, कोतवाल बीसी शर्मा का कहना है कि सभासद के मोबाइल फोन की अंतिम लोकेशन बरेली मिली है और जिस फोन से युवती और अन्य कोई व्यक्ति बात कर रहा है उसकी आईडी भी लखनऊ के किसी व्यक्ति की है। बताया गया है कि सभासद के खिलाफ तहरीर देने वाली युवती बरेली के एक निजी अस्पताल में स्टाफ नर्स है, जो कुछ समय पूर्व टनकपुर में रहती थी।