बरामद सामान के साथ एसएसबी के जवान।
- फोटो : अमर उजाला
गढ़ीगोठ स्थित एसएसबी ए कंपनी के जवानों ने नेपाल से लाए जा रहे लाखों के कास्मेटिक सामान को पकड़कर कस्टम के सुपुर्द कर दिया है। इस दौरान तस्कर भागने में सफल हो गए। पकड़े गए सामान की कीमत पंद्रह से बीस लाख रुपये आंकी जा रही है।
बुधवार सुबह धनुषपुल स्थित एसएसबी 57 वीं वाहिनी की ए कंपनी के कमांडर एसआई मग सिंह के निर्देश एएसआई विरेंद्र सिंह, एचसी मुकेश कुमार, संजय सिंह, कां. रवि कुमार, चंदन सिंह भारत नेपाल सीमा पर पेट्रोलिंग कर रहे थे।
सुबह करीब छह बजे नाका पार्टी भारत नेपाल पिलर संख्या 802/1 के पास टीम को नेपाल की ओर से दो लोग सिर पर कुछ रखे आते दिखाई दिए। जवानों को देखकर तस्कर सामान छोड़कर फरार हो गए। टीम ने वहां से बरामद कास्मेटिक के 5272 नग खटीमा स्थित कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया। कस्टम विभाग ने सामान जब्त कर लिया है। बरेली कस्टम द्वारा पकड़े गए सामान का मूल्यांकन किया जाएगा।
नेपाल जा रहे थे साधू, एसएसबी ने लौटाया
झूलाघाट(पिथौरागढ़)। पंजाब से आए दो साधु बुधवार को नेपाल जाने के लिए झूला पुल पर पहुंचे। पुल पर तैनात सहायक उपनिरीक्षक संग्राम सिंह ने साधुओं की आईडी की जांच की। इसके बाद दोनों को साधुओं को वापस लौटा दिया। एसएसबी की सूचना पर दोनों साधुओं के परिचय पत्र पुलिस ने भी चेक किए। एसएसबी के एसओ टीएस राणा ने बताया कि आसपास के गांवों के लोगों को ही परिचय पत्र के आधार पर मजदूरी या खरीददारी करने के लिए झूला पुल से आवाजाही की अनुमति दी जाती है। बाहरी प्रांत या अनजान लोगों को झूला पुल से नेपाल भेजने की अनुमति नहीं है।