क्षेत्र के इलेक्ट्रानिक्स व्यापारी को मोबाइल फोन पर धमका कर एक युवक ने दो लाख रुपये की रंगदारी वसूलने की कोशिश की। परेशान व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने सर्विलांस की मदद से आरोपी को दबोच लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सीडीएस की तैयारी कर रहा है, जिसके लिए उसे रुपये की जरूरत थी। इसीलिए उसने व्यापारी को धमका कर रुपये का बंदोबस्त करने की योजना बनाई थी।
इलेक्ट्रानिक्स व्यवसायी दिनेश पाटनी को 14 जनवरी की शाम मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले ने उसके बेटे को जान से मारने की धमकी देते हुए दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी, जिस पर व्यवसायी ने फौरन पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रिपोर्ट दर्ज कर मामला गुप्त रखते हुए धमकाने वाले के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगा दिया। एसपी डीएस कुंवर के निर्देश पर एसओजी और एसओटीएफ की टीम भी धमकाने वाले की तलाश में जुट गई। कोतवाल बीएल विश्वकर्मा ने बताया कि 15 जनवरी को व्यापारी को दूसरे नंबर से दो मैसेज मिले, जिसमें जल्द रुपये देने की बात कहते हुए पुलिस को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
16 जनवरी को फिर आरोपी ने व्यापारी को दूसरे मोबाइल नंबर से मैसेज भेजकर रुपये लेकर किरोड़ा पुल के पास आने को कहा, जिस पर पुलिस ने जाल बिछाकर व्यापारी को किरोड़ा पुल के पास भेज दिया। इशारे पर जैसे ही आरोपी युवक वहां पहुंचा पुलिस ने उसे दबोच लिया। कोतवाल ने बताया कि धमकाने वाला आरोपी भुवन भट्ट (25) निवासी आमबाग है। आरोपी के पास से मौके पर मोबाइल फोन और दो सिम मिले, जबकि उसके घर से चार मोबाइल, चार सिम और बरामद हुए। कोतवाल ने बताया कि दिनेेश पाटनी से पहले आरोपी दो अन्य लोगों को भी धमकाकर वसूली का प्रयास कर चुका था, लेकिन कामयाब नहीं हुआ। आरोपी युवक को आईपीसी की धारा 386, 506 के तहत जेल भेजा गया है।
इंग्लिश कोचिंग चलाता है आरोपी युवक
धमका कर रंगदारी वसूलने की कोशिश में दबोचा गया आरोपी युवक भुवन भट्ट न सिर्फ पढ़ा-लिखा है, बल्कि घर पर इंग्लिश की कोचिंग भी चलाता है। कोतवाल बीएल विश्वकर्मा ने बताया कि आरोपी इंग्लिश से प्राइवेट एमए कर रहा है और घर पर कोचिंग भी चलाता है।