सपा नेताओं की पिटाई से घायल हुए पूर्व मंत्री के पीआरओ समेत 35 लोगों पर कैंपियरगंज पुलिस ने रविवार को बलवा और दलित उत्पीड़न का केस दर्ज किया है। ब्लाक प्रमुख के दावेदार अजय सिंह भी आरोपी बनाए गए हैं। मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
कैंपियरगंज प्रतिनिधि के अनुसार रामचौरा के रहने वाले रामअद्या ने रविवार की सुबह थाने पहुंच तहरीर दी। इसमें ब्लाक प्रमुख पद के दावेदार रमेंद्र यादव के पक्ष में प्रचार करने पर पूर्व मंत्री के पीआरओ शमशेर सिंह, ब्लाक प्रमुख पद के दूसरे दावेदार अजय सिंह सैथवार, दारा नायक, नरेंद्र सिंह और दीनानाथ पांडेय पर पिटाई करने का आरोप लगाया।
उन्होंने बताया कि जान बचाने के लिए वह दिलीप यादव के घर में छुपे तो 35 की संख्या में लोगों को लेकर शमशेर वहां भी पहुंच गए। पुलिस ने सभी आरोपियों पर बलवा, मारपीट, दलित उत्पीड़न का केस दर्ज कर लिया है। इससे पहले पुलिस ने शनिवार की रात शमशेर की तहरीर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चिंता यादव के पति साधु उनके देवर सुरेंद्र, रमेंद्र समेत 40 लोगों पर बलवा, मारपीट और धमकी देने का केस दर्ज कराया था।
यह था मामला
शनिवार की रात पूर्व मंत्री के पीआरओ शमशेर सिंह अजय के समर्थन में जनसंपर्क करने ठाकुरनगर जा रहे थे। रात साढ़े आठ बजे गोपालपुर गांव के सीवान पर चिंता यादव के पति साधु, देवर सुरेंद्र यादव, रामेंद्र यादव, शेषमणि यादव और जीआरपी के सिपाही दिलीप यादव ने अपने समर्थकों के साथ उन्हें घेर लिया। चुनाव में विरोध करने पर अंजाम भुगतने की धमकी देने के साथ ही शमशेर की पिटाई भी कर दी गई थी।