फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सड़क हादसे में बाइक सवार दो छात्रों की मौत

Wed, 06 Jan 2016 10:30 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, टनकपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
टनकपुर-चंपावत एनएच पर बस्तिया के पास ट्रक और बाइक की टक्कर में बाइक सवार दो छात्रों की मौत हो गई है। एक छात्र सेंट फ्रांसिस स्कूल और एक विवेकानंद स्कूल का छात्र था। दोनों ही घर से ट्यूशन पढ़ने गए थे और बाइक लेकर बस्तिया की ओर घूमने निकल गए। पुलिस ने ट्रक और बाइक को कब्जे में ले लिया है। हादसे का पता चलते ही संयुक्त चिकित्सालय में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
विज्ञापन


चंपावत एनएच पर बुधवार शाम टनकपुर से करीब आठ किमी दूर बस्तिया में ग्रीफ कैंप के पास चढ़ाई पर बाइक (यूके 06 ए/7380) उसी दिशा में जा रहे ट्रक (यूके 04 सीए/4946) से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दक्ष गुप्ता (16) पुत्र मुकुल गुप्ता और हितेष भट्ट (17) पुत्र हरिकृष्ण भट्ट गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे सीओ राजन सिंह रौतेला और बस्तिया के ग्रामीणों ने 108 वाहन से दोनों घायलों को संयुक्त चिकित्सालय भिजवाया, जहां चिकित्सा अधीक्षक डा. एचएस ह्यांकी और डा. वीके जोशी ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दक्ष गुप्ता टनकपुर बाजार का रहने वाला था और सेंट फ्रांसिस स्कूल में दसवीं कक्षा में पढ़ता था। वहीं हितेष भट्ट विचई गांव का रहने वाला था, जो विवेकानंद स्कूल का बारहवीं का छात्र था। बाइक सवार दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। सीओ राजन सिंह रौतेला ने बताया कि दुर्घटना होते ही ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया। ट्रक और बाइक को जब्त कर लिया गया है। वहीं शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन


हादसे ने छीना मूक-बधिर दंपति का इकलौता चिराग
बस्तिया में ग्रीफ कैंप के पास हुए बाइक-ट्रक हादसे में न सिर्फ दो परिवारों के चिराग बुझे हैं, बल्कि शहर के मूक-बधिर व्यापारी दंपति का इकलौता चिराग ही छिन गया है। दक्ष गुप्ता के माता-पिता मूक-बधिर हैं। दक्ष उनका इकलौता चिराग था। बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद अस्पताल पहुंचे उसके माता-पिता का विलाप देख वहां मौजूद लोग भी अपने आंसू नहीं रोक पाए। करीब पांच वर्ष पूर्व माता-पिता की हत्या का दर्द झेल चुके इस मूक-बधिर दंपति पर अब अपने इकलौते चिराग की मौत से दुखों का ऐसा पहाड़ टूटा है कि वे अपना दर्द किसी को बयां तक नहीं सकते हैं। बता दें कि मुकुल गुप्ता के पिता श्याम मोहन और उसकी मां की घर में ही गला रेतकर हत्या कर दी गई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें