टनकपुर (चंपावत)। जहरखुरानी गिरोह ने रोडवेज बस में नेपाल के कंचनपुर जिला मुख्यालय महेंद्रनगर के दैजी गांव निवासी अमृतपाल सिंह धामी (28) को चाय में नशीला पदार्थ खिलाकर लूट लिया। जहरखुरान अमृतपाल सिंह की सोने की चेन, दस हजार की नकदी और मोबाइल फोन ले गए।
आनंद विहार दिल्ली से शुक्रवार सुबह टनकपुर पहुंची टनकपुर डिपो की बस (यूके 07 पीए/1412) में अमृतपाल सिंह अपनी सीट पर बेहोश पड़ा मिला। उसे बस के चालक, परिचालकों ने संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्साधिकारी डॉ. जी तिवारी ने बताया कि यात्री किसी नशीले पदार्थ के सेवन से बेहोश हुआ है।
छानबीन करने पर यात्री का नाम, पता मालूम हो गया। देर शाम होश आने पर अमृतपाल ने बताया कि वह दिल्ली में एक कॉल सेंटर मेें काम करता है। बस में सफर के दौरान बगल में बैठे एक यात्री ने उसे चाय पिलाई, जिसे पीने के बाद वह बेहोश हो गया। पीड़ित ने बताया कि उसकी जेब में रखा पर्स और मोबाइल फोन गायब है। पर्स में सोने की चेन एवं दस हजार रुपये थे। होश आने के बाद पीड़ित के चाचा उसे अपने साथ घर ले गए।