टनकपुर (चंपावत)। टनकपुर-चंपावत हाइवे पर चल्थी के पास कठौल में भैंसों से लदा पिकप अनियंत्रित होकर करीब सौ मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों संयुक्त चिकित्सालय में प्राथमिक इलाज के बाद रेफर कर दिया गया है। हादसे में वाहन में ले जाई जा रही दो भैंसों की मौत हो गई। पिकप पिथौरागढ़ से टनकपुर की ओर आ रहा था।
चल्थी चौकी पुलिस के अनुसार भैंसों से लदा पिकप (यूके 05 सीए 1093) बृहस्पतिवार सुबह करीब 6:45 बजे बजे चल्थी के पास कठौल नामक स्थान पर अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। इस बीच पीछे से आ रहे वाहन सवारों ने चल्थी चौकी में हादसे की सूचना दी।
मौके पर चल्थी चौकी इंचार्ज प्रकाश विश्वकर्मा और अन्य पुलिस कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को खाई से निकालकर 108 आपात सेवा के वाहन से संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया।
चौकी इंचार्ज ने बताया कि हादसे में चालक पिथौरागढ़ के किसमिस गांव निवासी गणेश राम (29) पुत्र शेर राम और न्यूरिया पीलीभीत निवासी जुबैर हुसैन (30) पुत्र अकबर हुसैन गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
वहीं पिकप में लदी दो भैंसों भी मौत हो गई। इधर, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एचएस ह्यांकी ने बताया कि दोनों घायल की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें रेफर किया गया है।