चंपावत। राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) खंड की अमोड़ी स्थित जमीन और भवन लावारिस हाल में है। जिस वजह से इस जमीन पर लोगों ने अतिक्रमण करना शुरू कर दिया है। देखरेख के अभाव में भवन का मुख्य गेट भी टूट गया है। लेकिन विभाग इससे बेखबर बना हुआ है।
दो वर्ष पूर्व एनएच और परिसंपत्तियां ग्रिफ से राष्ट्रीय राजमार्ग खंड को हस्तांतरित की गई। तब ग्रिफ ने अमोड़ी में दो नाली जमीन में एक भवन का निर्माण किया था। बताया जाता है कि उस समय ग्रिफ ने जमीन और भवन की देखरेख के लिए एक कर्मचारी की तैनाती की थी। लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग को हस्तांतरित होने के बाद से जमीन और भवन लावारिस हाल में है। इसी का फायदा उठा कर स्थानीय लोगों ने जमीन पर कब्जा करना शुरू कर दिया। लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग खंड इससे अनजान बना हुआ है। उधर राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के कनिष्ठ अभियंता वीरेंद्र कुमार का कहना है कि शीघ्र ही राजस्व विभाग के साथ मिल कर जमीन की नापजोख की जाएगी। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।