चंपावत। किमतोली के ग्रामीणों ने पंचेश्वर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक पर ग्रामीणों का बेवजह उत्पीड़न करने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंप प्रभारी निरीक्षक का स्थानांतरण करने की मांग की है।
बुधवार को एसपी को सौंपे ज्ञापन में किमतोली के ग्रामीणों ने कहा है कि प्रभारी निरीक्षक वर्मा ग्रामीणों का बेवजह उत्पीड़न कर रहे हैं। उनके द्वारा ग्रामीणों के घरों में छापेमारी की जा रही है। कहा कि प्रभारी कोतवाल खुद की शह पर क्षेत्र में शराब अवैध कारोबार चला रहे हैं। साथ ही क्षेत्र के कुछ चुनिंदा लोगों से वसूली कर अवैध धंधे करवा रहे हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि कर्ज लेकर वाहन खरीदने वालों को अनावश्यक परेशान करने के साथ ही वाहन भी जब्त कर रहे हैं। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक के कामों की जांच कर उनका स्थानांतरण करने की मांग की है। ज्ञापन में बीडीसी सदस्य कलावती देवी, ग्राम प्रधान जानकी देवी, मोहन जोशी, गोविंद राम, हरीश राम, भैरव दत्त के हस्ताक्षर हैं।
कोट
प्रभारी निरीक्षक को जनता के साथ मित्रवत व्यवहार करने को कहा गया है। ग्रामीणों से अवैध वसूली के अन्य आरोपों का प्रमाण देने को कहा गया है। उसके बाद ही कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
धीरेंद्र सिंह गुंज्याल,
पुलिस अधीक्षक, चंपावत।