नांगल गांव से गाय की 230 खालें बरामद
सीएस स्टाफ पुन्हाना के जवानों ने नांगल मुबारिकपुर गांव के पहाड़ में बने एक व्यक्ति के घर पर दबिश देकर गायों की 230 खाल बरामद की हैं। जवान जब इन खालों को गाड़ी में लदवाने लगे तो ग्रामीणों और महिलाओं पथराव कर दिया। पुलिस ने एक व्यक्ति को नामजद कर दो अन्य के खिलाफ हरियाणा गोसरंक्षण एवं संवर्धन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, सीएस स्टाफ प्रभारी पुन्हाना कुलबीर सिंह व मुकेश कुमार हवलदार, हरिप्रेम, महेश कुमार मंगलवार रात एक आपराधिक मामले को लेकर गश्त पर थे।
इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नांगल मुबारिकपुर गांव के पहाड़ में बने एक मकान में व्यक्ति गोहत्या कर खाल पीछे बने गोदाम में छिपा देता है। सूचना पर कुलबीर व उनकी टीम ने मकान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी फरार हो गया। टीम ने गोदाम से गाय की 230 खाल बरामद की हैं। इसके बाद टीम जैसे ही इन खालों को गाड़ी में लदवाने लगी ग्रामीणों ने पथराव करना शुरू कर दिया। हालांकि किसी तरह पुलिसकर्मी सभी खालों को अपने साथ ले आए। पुलिस ने मामले में नजाकत व उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ गोसरंक्षण एवं संवर्धन एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।