बनबसा (चंपावत)। दस दिनों से लापता खटीमा के युवक का शव सोमवार को एनएचपीसी की पावर चैनल में उतराता हुआ मिला। युवक के डूबने की आशंका जताई जा रही है। वह दस फरवरी से घर से लापता बताया गया है। परिजनों ने बनबसा थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेका पंचनामे के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एनएचपीसी की पावर चैनल के फोरवे में सोमवार दिन में करीब साढ़े बारह बजे एक शव उतराता हुआ देख सीआईएसएफ कर्मियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर शारदा बैराज चौकी प्रभारी एसआई सुरेंद्र सिंह खड़ायत दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस और एनएचपीसी कर्मियों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। जेब में मिले ड्राइविंग लाइसेंस से उसकी पहचान गिरीश कुमार (28) पुत्र महेंद्र पाल शर्मा निवासी जीबी पंतनगर वार्ड संख्या 7 खटीमा (यूएस नगर) के रूप में की गई। पुलिस की सूचना पर मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे।
उन्होंने शव की शिनाख्त की। बैराज चौकी प्रभारी ने बताया कि मृतक के पिता ने बनबसा थाने में 13 फरवरी को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। गुमशुदगी में लिखा है कि 10 फरवरी को बनबसा में अपने मित्र के पास जाने की बात कह घर से गया था, लेकिन वापस नही लौटा। शारदा बैराज चौकी प्रभारी खड़ायत ने बताया कि मृतक के कान में इयर फोन लगा हुआ मिला और मोबाइल जेब में मिला है। शव के फूला होने से उसके डूबने से मौत होने का अनुमान लगाया जा रहा है। शारदा बैराज चौकी प्रभारी ने बताया कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा।