चंपावत। जिला मुख्यालय में व्यापार संघ महामंत्री नवल जोशी के खिलाफ मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद बुधवार को व्यापार संघ महामंत्री ने भी दूसरे पक्ष के खिलाफ कोतवाली पुलिस में तहरीर दी है। उन्होंने दूसरे पक्ष पर गाली गलौच करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। हालांकि इस मामले में अभी पुलिस ने दूसरे पक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की है।
बताते चलें कि जिला मुख्यालय में एक दुकान में काम करने वाले हरीश गहतोड़ी जब बीते मंगलवार को गंगा मोबाइल के सामने से गुजर रहा था। तभी किसी बात पर मोबाइल शॉप के स्वामी और व्यापार संघ महामंत्री नवल जोशी से उसकी कहासुनी मारपीट में तब्दील हो गई। आरोप है कि महामंत्री ने दुकान से डंडा लाकर हरीश गहतोड़ी की पिटाई कर दी। पीड़ित व्यक्ति ने महामंत्री के खिलाफ पिटाई करने और धमकाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी।
जिस पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली में भारतीय दंड संहिता की धारा 323 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। मामले की विवेचना उप निरीक्षक अनुराग सिंह को सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि पीड़ित पक्ष की मेडिकल रिपोर्ट में मारपीट की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि व्यापार संघ महामंत्री की ओर से दी गई तहरीर का परीक्षण किया जा रहा है।