बनबसा (चंपावत)। एसएसबी की नाका पार्टी ने मंगलवार रात एक नेपाली युवक से बड़ी मात्रा में नेपाल से तस्करी कर लाए जा रहे विदेशी सौंदर्य प्रसाधन की खेप पकड़ी है। पकड़ा गया सामान कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है। पकड़े गए सामान की कीमत कस्टम विभाग तय करेगा।
इन दिनों एसएसबी 57वीं वाहिनी केे कमांडेंट एलपी उपाध्याय ने भारत-नेपाल सीमा पर जवानों को सघन पेट्रोलिंग और चेकिंग के निर्देश दिए हैं। मंगलवार रात एसएसबी की धनुषपुल स्थित डी कंपनी के कमांडर हरदत्त सिंह के नेतृत्व में एसआई कुलदीप चंद, कांस्टेबल सूरज पाल, अजीत, देवेंद्र यादव, रंजीत सिंह, मन्नू कुमार सीमा पर पेट्रोलिंग कर रहे थे। एसएसबी जवान पिलर संख्या 808/10 के पास पहुंचे तो उन्हें एक व्यक्ति साइकिल पर नेपाल से आता दिखाई दिया। जैसे ही साइकिल सवार व्यक्ति भारतीय सीमा पर पहुंचा एसएसबी जवानों ने उसे घेर लिया।
साइकिल में रखे गत्ते के डिब्बों में एसएसबी जवानों को बड़ी मात्रा में विदेश सौंदर्य प्रसाधन मिला। एसएसबी कमांडर ने बताया कि तस्करी के सामान के साथ पकड़ा गया युवक नेपाल के चांदनी वार्ड संख्या सात का रहने वाला भुवन है। जिसे मय साइकिल और सौंदर्य प्रसाधन के साथ खटीमा कस्टम के सुपुर्द कर दिया गया है।