पंजाब जाकर भाई से रुपये लेकर घर लौट रहे बाराकोट के एक दिव्यांग युवक को नशीला पदार्थ खिलाकर जहरखुरानी गिरोह ने 70 हजार रुपये लूट लिए। बस स्टेशन पर बेहोश मिले युवक को स्टेशन प्रभारी ने आपात सेवा 108 के माध्यम से संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। उसके पास मिले मोबाइल से संपर्क कर परिजनों को घटना की जानकारी दी गई है।
बृहस्पतिवार सुबह रोडवेज बस स्टेशन प्रभारी बबीता ड्यूटी पर पहुंचीं तो स्टेशन परिसर पर एक युवक बेहोश पड़ा था। इस पर उन्होंने 108 वाहन बुलाकर उसे संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। स्टेशन प्रभारी ने बताया कि युवक के पास मिले मोबाइल से उसके परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी गई है। परिजन मदन सिंह के मुताबिक युवक रतन सिंह (35) पुत्र राम सिंह बाराकोट का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि वह दिल्ली में नौकरी करता है और छुट्टी लेकर घर आने से पहले वह अपने भाई से रुपये लेने पंजाब गया था। बताया कि भाई ने उसे घर ले जाने के लिए 70 हजार रुपये दिए थे, लेकिन रास्ते में ही जहरखुरानी गिरोह ने उसे लूट लिया। रतन सिंह एक हाथ से दिव्यांग है। चिकित्साधिकारी डा. हेमंत शर्मा ने बताया कि नशीले पदार्थ के सेवन से रतन सिंह बेहोश हुआ है। खबर लिखे जाने तक न तो परिजन अस्पताल पहुंच पाए थे और नहीं रतन सिंह को होश आया था।