चंपावत। गोली गांव में 20 नवंबर को हुई विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने मृतका के पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि जिले के गोली गांव में पिछले बीस नवंबर को कमलेश पत्नी सुंदर सिंह की संदिग्ध हालात मौत हो गई थी। इस मामले में विवाहिता के पिता बूढ़ाखेत स्यूली निवासी श्याम सिंह ने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए विवाहिता की हत्या करने का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि कमलेश की शादी दो साल पहले गोली गांव निवासी सुंदर सिंह के साथ हुई थी।
शादी के बाद कमलेश जब भी अपने मायके आती थी तो वह उन्हें ससुराल में हो रहे अपने उत्पीड़न की बातें बताती थी। उन्होंने प्रशासन से मृतका के ससुराल वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सलाउद्दीन खान ने बताया कि मृतका के मायके वालों की तहरीर पर उसके पति सुंदर सिंह, ससुर पूरन सिंह बोहरा और सास के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 304 बी के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि अभी तक आरोपियों को हिरासत में नहीं लिया जा सका है।