चंपावत। एक माह पूर्व चंपावत तहसील के एक गांव की एक महिला और उसकी ननद संदिग्ध हालात में लापता होने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को तमिलनाडु से हिरासत में लिया है। जबकि दो और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
बताते चलें कि महिला के पति की तहरीर के आधार पर कोतवाली में उनकी गुमशुदगी दर्ज हुई थी। पुलिस की टीमों ने सर्विलांस के आधार पर बरेली, बदायूं में छापेमारी के साथ ही दक्षिण भारत के तमिलनाडू राज्य से लापता भाभी-ननद को बरामद कर लिया। पीड़िताओं के बयानों के बाद पुलिस ने बरेली-बदायूं निवासी तारीक, राहुल, तारीक अहमद और नाजिम पर उन्हें बहला फुसला कर ले जाने और विभिन्न स्थानों में ले जाकर गैंग रेप किए जाने का आरोप लगाया था। आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 366, 376 के तहत मामला दर्ज करने के साथ ही मानव तस्करी की धारा 370 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। चारों आरोपी युवती और महिला को लेकर तमिलनाडु ले गए थे।
आरोप है कि इस दरमियान दो युवकों ने उनके साथ दुष्कर्म भी किया था। पुलिस एसओजी और एंटी ह्यूमन ट्रेफिंकिंग सेल ने उनमें से एक आरोपी नाजिम को कुछ दिन पूर्व गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस मामले में मोहम्मद तारिक समेत तीन और आरोपी फरार चल रहे थे। कोतवाल सलाहउद्दीन खान ने बताया कि पुलिस टीम ने तारिक को भी गिरफ्तार कर लिया है। दो आरोपियों की तलाश में टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।