चंपावत। जिला मुख्यालय से 25 किमी दूर स्वांला मंदिर से थोड़ा आगे सोमवार को सब्जी से लदी एक पिकअप सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में सवार मालिक और चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। सोमवार को दोपहर में कुछ लोगों ने स्थानीय प्रशासन को एक पिकअप के खाई में गिरने की सूचना दिए जाने पर एसडीएम सदर सीमा विश्वकर्मा बचाव दल के साथ मौके पर पहुंच गई।
उन्होंने बताया कि टनकपुर से पिथौरागढ़ जा रही पिकअप (यूके 05 सीए 0869) करीब तीन बजे स्वांला के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गई। इस दौरान पिकअप में चालक शम्मी उर्फ संतोष और वाहन मालिक हिमांशु सौन सवार थे। स्वांला से एक किमी पहले चढ़ाई में गेयर बदलते वक्त गाड़ी न्यूटल हो गई। इसके कारण ब्रेक नहीं लग पाए और पिकअप पीछे की ओर जाने लगी। दुर्घटना होते देख दोनों ने वाहन से छलांग लगा दी। दोनों को मामूली चोटें आई हैं। पिकअप के खाई में गिरने के साथ हजारों रुपये मूल्य की सब्जी बर्बाद हो गई।