बनबसा (चंपावत)। भारत-नेपाल सीमा पर शारदा बैराज चौकी पुलिस ने 3 लाख से अधिक की नकदी लेकर नेपाल जा रहे दोनों देशों के आठ लोगों को पकड़ कर कस्टम विभाग के सुपुर्द किया है। बरामद नकदी में दो हजार और पांच सौ रुपये के नोट हैं, जो नेपाल में नहीं चल रहे है। पुलिस के मुताबिक फेमा एक्ट के तहत एक साथ इतनी रकम नेपाल ले जाना भी प्रतिबंधित है।
बुधवार को बैराज चौकी इंचार्ज सुरेंद्र सिंह खड़ायत के नेतृत्व में पुलिस बैराज गेट पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान टैक्सी टवेरा गाड़ी (यूके 04टीएन/3837) से बैग में रखी 3 लाख 12 हजार 500 रुपये की नकदी बरामद हुई। गाड़ी में खुर्पाताल निवासी चालक ललित सिंह के अलावा तल्लीताल नैनीताल निवासी मनोज सिंह मेहरा, जिला कालीकोट नेपाल निवासी दशरथ सिंह, पहले बिष्ट, जगत सिंह, चिन बिष्ट, मन बिष्ट एवं राजू सिंह बिष्ट नामक युवक सवार थे।
चौकी इंचार्ज खड़ायत के मुताबिक बरामद नकदी में दो हजार और पांच सौ रुपये के नोट है, जो नेपाल में नहीं चल रहे हैं। फेमा एक्ट के तहत इतनी रकम एक साथ नेपाल ले जाना भी प्रतिबंधित है। लिहाजा सभी आरोपियों को बरामद नकदी के साथ कस्टम विभाग के सुपुर्द किया गया है।